दमोह के बटियागढ़ ब्लॉक के आलमपुर गांव में अवैध शराब बेचने के आरोप में दो लोगों को ग्रामीणों ने अनोखी सजा दी। ग्रामीणों ने शराब की बोतलों की माला पहनाकर दोनों को पूरे गांव में घुमाया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव में शराब बेचने आया था बाहरी व्यक्ति, लोगों ने पकड़ा
घटना मंगलवार की है। गांव में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए ग्रामीणों ने पहले ही एक फैसला लिया था, जिसके तहत युवा निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक बाहरी व्यक्ति गांव में शराब बेचने आया है।
ग्रामीणों ने उस व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। उसने बताया कि वह पास की शराब दुकान से शराब लाया था, लेकिन जब ग्रामीणों ने दुकानदार से संपर्क किया तो उसने इससे इनकार कर दिया। कुछ देर बाद उसका एक और साथी भी मिल गया।
शराब की बोतलों की माला पहनाकर निकाला जुलूस
इसके बाद गांव वालों ने दोनों आरोपियों को शराब की बोतलों की माला पहनाई और पूरे गांव में उनका जुलूस निकाला। जुलूस के बाद दोनों को बटियागढ़ पुलिस को सौंप दिया गया।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में जुलूस के दौरान एक आरोपी अपने साथी से बार-बार “कोई बात नहीं, चिंता मत करो” कहते हुए दिख रहा है, हालांकि इन शब्दों का अर्थ स्पष्ट नहीं है।