सागर के देवरी का एक 22 वर्षीय युवक नरसिंहपुर जिले के बरमान में नर्मदा नदी में डूब गया। हादसा मंगलवार को दीपावली के दूसरे दिन हुआ, जब वह दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान करने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया। दोस्तों के शोर मचाने पर स्थानीय गोताखोरों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने SDRF टीम को बुलाया, जो बुधवार सुबह से युवक की दोबारा तलाश कर रही है।
दोस्तों के साथ गया था स्नान करने
जानकारी के अनुसार, आदित्य पिता नरेंद्र सेन (उम्र 22 साल), निवासी सुखचैन वार्ड देवरी, मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ बरमान में नर्मदा स्नान करने के लिए गया था। जहां नर्मदा में स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से आदित्य डूब गया। दोस्तों ने जब आदित्य को डूबते देखा तो उन्होंने शोर मचाया।
रात में रुका रेस्क्यू, सुबह फिर शुरू
दोस्तों का शोर सुनकर घाट पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने युवक की तलाश की, लेकिन देर रात तक वह नहीं मिला। घटना की सूचना मिलते ही बरमान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां SDRF की टीम को बुलाया गया। टीम ने युवक की सर्चिंग की, लेकिन वह मिला नहीं। अंधेरा होने से रेस्क्यू रोक दिया गया था। जिसके बाद बुधवार को दोबारा नर्मदा में युवक की सर्चिंग शुरू की गई है।