21 और 22 अक्टूबर को पूरे मध्य प्रदेश में गोवर्धन पूजा का पर्व उत्साह और भक्ति के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर इस बार यह पर्व प्रदेश की सभी गौशालाओं में विशेष रूप से आयोजित हुआ।
इसी कड़ी में, रीवा के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी गौ-सेवा कर यह त्योहार मनाया। उप मुख्यमंत्री आज रीवा स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मण बाग गौ शाला पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की, गौ माता की आरती उतारी और उन्हें अपने हाथों से चारा खिलाकर आशीर्वाद लिया।
उप मुख्यमंत्री बोले- जागरूकता बढ़ाना है उद्देश्य
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इस वर्ष प्रदेश की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य गौ-वंश संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
भंडारे का हुआ आयोजन, सरकार वचनबद्ध
इस दौरान गौ शाला में उपस्थित भक्तों और स्थानीय लोगों के लिए भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार गोमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए पूरी तरह से वचनबद्ध है।
