पन्ना में बायपास रोड स्थित नगर पालिका परिषद की ओर संचालित गोशाला में बुधवार को गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री और पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह शामिल हुए।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ने हर पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने का फैसला लिया है, जिसके तहत गोवर्धन पूजा का यह सार्वजनिक आयोजन संभव हो सका।
सिंह ने उपस्थित लोगों को दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति प्रेम के साथ-साथ गौवंश के प्रति आम जनमानस के लगाव और स्नेह को भी दर्शाता है। उन्होंने गौमाता को मां का स्वरूप बताते हुए सभी गौशालाओं के उचित रखरखाव और गायों के भोजन व पोषण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
विधायक ने गौशाला में डीएमएफ फंड से शेड निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पॉलीथीन के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि दीपावली पर साफ-सफाई की तरह ही हमेशा स्वच्छता की आदत विकसित करनी चाहिए। सभी जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यक्षेत्र में कचरे के उचित निस्तारण पर निरंतर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता के साथ पन्ना के चहुंमुखी विकास के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
उन्होंने नगर के तालाबों के सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों की रूपरेखा भी बताई। साथ ही कहा कि पन्ना के सर्वांगीण विकास के संबंध में कोई भी नागरिक उनके कार्यालय में बहुमूल्य सुझाव दे सकता है।