दमोह जिले के हटा नगर में बुधवार रात करीब 10 बजे एक घर पर लगभग 25 बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले पथराव किया और फिर लाठियों से परिवार के सदस्यों को पीटा। घटना के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने तक वे गायब हो चुके थे।
पीड़ित हिमांशु यादव ने बताया कि दीपावली की रात वह अपने दोस्तों के साथ शहर में पटाखे फोड़ रहा था। इस दौरान उसका दोस्त भूरा भी साथ था। भूरा द्वारा फोड़े गए एक पटाखे से हिमांशु का हाथ जल गया।
इसी दौरान मनोज और कमलेश वहां पहुंचे और हिमांशु से पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद करने लगे। हिमांशु ने उनसे माफी मांगी और अपने घर चला गया।
दो दिन बाद, मनोज और कमलेश अपने 20-25 साथियों के साथ हिमांशु के घर पहुंचे और पथराव शुरू कर दिया। हिमांशु के अनुसार, कमलेश के पास चाकू था, जबकि अन्य हमलावरों ने लाठियों से उसे, उसकी मां, पिता और दोनों बहनों को पीटा।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
