दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर के नाम से एक फर्जी वॉट्सऐप आईडी बनाकर गुरुवार रात उनके परिचितों से मदद मांगी गई है।
इस मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर ने दमोह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी से शिकायत की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अज्ञात व्यक्ति ने वियतनाम के कोड का इस्तेमाल कर यह फर्जी आईडी बनाई है। पुलिस ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
लोगों से अपील, धोखाधड़ी से बचें
कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी ई-गवर्नेंस और साइबर टीम ने इस पर काम करना शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि उनकी किसी भी सोशल प्लेटफॉर्म पर कोई आईडी नहीं है।
यह आईडी पूरी तरह से फर्जी है और वियतनाम कोड का उपयोग करके बनाई गई है। उन्होंने लोगों से इस पर ध्यान न देने, किसी भी प्रकार का कोई लेनदेन न करने और संबंधित व्यक्ति से बात न करने का आग्रह किया है, क्योंकि यह साइबर धोखाधड़ी का प्रयास हो सकता है।
