सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने दीपावली पर्व के चलते शहर में अपराध करने की फिराक में घूम रहे 6 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद सभी उपद्रवियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, दीपावली और आगामी त्योहारों के दौरान शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। ये असामाजिक तत्व बेवजह संज्ञेय अपराध करने की फिराक में घूम रहे थे, जिन्हें कार्रवाई कर पकड़ा गया है।
ये 6 आरोपी हुए गिरफ्तार
कार्रवाई में अप्पू पिता मोहम्मद इब्राहिम खान (उम्र 42 वर्ष) निवासी सिविल लाइन, अन्नू उर्फ अनिल पिता अंनदी अहिरवार (उम्र 22 वर्ष) निवासी काकागंज वार्ड, सचिन पिता गणेश अहिरवार (उम्र 31 वर्ष) निवासी बल्लभनगर वार्ड, राहुल पिता वीरेन्द्र अहिरवार (उम्र 24 वर्ष) निवासी सुभाषनगर वार्ड, नितिन पिता सुखदेव बाल्मिकी (उम्र 39 वर्ष) निवासी भूतेश्वर फाटक भगतसिंह वार्ड और छोटू उर्फ जग्गा पिता देवेन्द्र करोसिया (उम्र 32 वर्ष) निवासी इतवारी टोरी को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
आपराधिक प्रवृत्ति के हैं आरोपी
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि कार्रवाई में पकड़ाए गए आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। उनके खिलाफ पूर्व में भी कई अपराध दर्ज हैं।
हथियार लेकर फैलाते थे दहशत
थाना प्रभारी के मुताबिक, ये लोग क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूमते हैं और राहगीरों व स्थानीय निवासियों में भय व आतंक का माहौल बनाकर शांति भंग करने का प्रयास करते हैं। आरोपी छोटू उर्फ जुग्गा के खिलाफ 3 अपराध, नितिन करोसिया पर 3, सचिन अहिरवार और अनिल अहिरवार के खिलाफ एक-एक अपराध पूर्व से दर्ज है। आरोपियों को कोर्ट पेश कर जेल भेजा गया है।