दमोह। किसान पुत्र सेवा संस्थान द्वारा दमोह जिले की हृदयपुर ग्राम पंचायत स्थित सब्जी मंडी के पीछे आज, 26 तारीख को, एक विशाल निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आंखों से संबंधित रोगों की जांच करवाई और लाभ उठाया।
आयोजित शिविर में करीब 200 लोगों की आंखों से संबंधित समस्याओं की जांच की गई। जांच के बाद, इन 200 लोगों में से 170 लोगों को दूर और पास की नजर के लिए निशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इसके अलावा, जिन लोगों को ऑपरेशन की आवश्यकता थी, उनमें से करीब 25 महिलाओं और पुरुषों को ऑपरेशन के लिए बस द्वारा चित्रकूट के लिए रवाना किया गया।
हर माह की 26 तारीख को होगा आयोजन:
किसान पुत्र सेवा संस्थान ने दमोह के जरूरतमंद लोगों से अपील की है कि यह निशुल्क नेत्र शिविर अब से हर माह की 26 तारीख को दमोह हृदयपुर स्थित सब्जी मंडी के पीछे आयोजित किया जाएगा। संस्थान ने अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आंखों से संबंधित किसी भी समस्या का निशुल्क इलाज कराने का आग्रह किया है।
इस सफल आयोजन में किसान पुत्र संस्था के संस्थापक श्री शैलेन्द्र दुबे, समाजसेवी श्री वीरू दुबे सहित तमाम संस्था के सहयोगी गण मौजूद रहे और उन्होंने अपनी सेवाएं प्रदान की।
