पन्ना जिले के इंटवा खास गांव में आवारा पशुओं के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान के बाहरी हिस्से में जा घुसा। गनीमत रही कि इस घटना में मकान मालिक, ट्रक चालक या कोई पशु घायल नहीं हुआ।
यह घटना सोमवार 27 अक्टूबर को हुई, जब ट्रक क्रमांक डब्ल्यूबी-53, सी-6214 पन्ना से पहाड़ीखेरा की ओर किलेंकर लोड करके जा रहा था। इंटवा खास गांव के पास अचानक सड़क पर आवारा पशु आ जाने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और करीब 10 फीट दूर बने मकान के बाहरी हिस्से में घुसकर एक पिलर के सहारे रुक गया।
मकान मालिक राजा विश्वकर्मा ने बताया कि वह खेती और पशुपालन का काम करते हैं। घटना के समय वह अपनी भैंसों को नहला रहे थे। ट्रक को अपनी ओर आता देख वे तुरंत घर के अंदर भाग गए, जिससे उनकी जान बच गई। इस हादसे में मकान का बाहरी हिस्सा और भैंसों के लिए बनाया गया टीन शेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
ट्रक के अनियंत्रित होने का मुख्य कारण सड़क पर अचानक आए आवारा पशु बताए जा रहे हैं। फिलहाल, क्षतिग्रस्त मकान से ट्रक को बाहर निकालने का काम जारी है।