रीवा पुलिस ने नशीली कफ सिरप की एक बड़ी खेप पकड़ी है। जहां 16 पेटी नशीली कफ सिरप के साथ तीन तस्करों को भी पकड़ा गया है। बताया गया कि आरोपी लंबे समय से नशीली सिरप की तस्करी कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक तस्कर शहर में नशे की बड़ी खेप लेकर डिलीवरी देने के लिए आए हुए थे।
तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तस्करों को शहर के भीतर प्रवेश करने से पहले ही घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तस्करों में रीवा के साथ साथ यूपी का भी एक तस्कर शामिल है। फिलहाल सभी तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस का अपराध दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। रीवा पुलिस ने इस सप्ताह नशे के खिलाफ यह चौथी बड़ी कार्यवाही की है।
एडिशनल एसपी आरती सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद समान थाने की पुलिस ने जिउला मोड़ के पास एक कार को घेराबंदी कर पकड़ा है। मौके पर कार की ली गई तलाशी में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
जिनकी निशानदेही पर कार में लोड 16 पेटियों में कुल 1920 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद की गई। जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख से अधिक बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों में चाकघाट निवासी सुशील कुमार मांझी,इटोरा निवासी आनंद विश्वकर्मा सहित बनारस निवासी कृष्णम सिंह गहरवार शामिल हैं। उत्तरप्रदेश से लाई गई नशे की खेप को आरोपी अलग अलग मोहल्लों में खपाने वाले थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरी चेन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। ताकि अन्य नशे के तस्करों के विषय में भी खुलासा हो सके।
