पन्ना जिले के सलेहा थाना क्षेत्र के भमरा गांव में गड़ा धन खोदते हुए सात लोगों को पकड़ा गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इन सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान ने बताया कि 26 अक्टूबर की देर शाम भमरा गांव के लोगों ने एक सुनसान जगह पर कुछ लोगों को खुदाई करते देखा। ये लोग अजीबोगरीब तरीके से जादू-टोना भी कर रहे थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सात लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इनके पास से कुछ नकदी, लाइव डिटेक्टर मशीन, एक फॉर्च्यूनर कार और अन्य सामग्री जब्त की है।
6 आरोपी दूसरे प्रदेशों से, एक पन्ना का
चौहान ने बताया कि पकड़े गए लोगों में से 6 मध्य प्रदेश के बाहर के हैं, जबकि एक युवक पन्ना जिले का निवासी है। यह युवक पहले भी गड़े धन से जुड़े मामलों में शामिल रहा है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही आगे की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल सलेहा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
