बीना के गणेश वार्ड स्थित शंकर माली की टपरियों में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एक कंप्यूटर ऑनलाइन दुकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत दुकानदार अजय अहिरवार को सूचना दी।
अजय अहिरवार और स्थानीय नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही, डायल 112 और नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
दुकानदार अजय अहिरवार ने बताया कि उनकी दुकान में चार कंप्यूटर, दो लैपटॉप, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, मोबाइल एसेसरीज और फर्नीचर सहित लाखों का सामान मौजूद था, जो पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी से लगभग 5 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
आग लगने का कारण फिलहाल शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आसपास के लोगों जैसे अनुराग जैन, विजय सिसोदिया और किशोरी अहिरवार सहित कई अन्य लोगों ने आग बुझाने में मदद की।