खाद्य विभाग की टीम ने रैपुरा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बेचने की शिकायत पर चार दुकानों पर छापा मारा। सोमवार शाम हुई इस कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से भाग गए। खाद्य निरीक्षक राजेश कुमार राय ने बताया कि टीम ने बाजार की कई किराना और जनरल दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक की बोतलों और कैनों के सैंपल लिए गए।
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर कोल्ड ड्रिंक की बोतलों की एक्सपायरी डेट मिटाई हुई मिली, जबकि कुछ पर नई तारीख के स्टिकर लगाए गए थे। विभाग ने संदिग्ध बोतलों को जब्त कर जांच के लिए लैब भेजा है। राय ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक को नई कोल्ड ड्रिंक के साथ मिलाकर बेचा जा रहा है। इसी के मद्देनजर 28 अक्टूबर को यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अनिल स्वीट्स पर रखी कुछ कोल्ड ड्रिंक के सैंपल लिए गए। दुकान से केला चिप्स और पनीर के भी सैंपल संग्रहित किए गए। गुड्डू पान वाले की दुकान से भी कोल्ड ड्रिंक के सैंपल लिए गए।
इसके अतिरिक्त, विनय अग्रवाल नामक व्यक्ति को बिना पंजीकरण के दुकान संचालित करने पर हिदायत दी गई। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।