रीवा शहर में शराब ठेके संचालित करने वाली एजेंसी ‘जय महाकाल एसोसिएट’ की लापरवाही सामने आई है। सिरमौर चौराहे जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर एजेंसी की दुकान के बाहर लोगों को खुले में शराब परोसी जा रही थी और परिसर में गंदगी फैलाई जा रही थी। इस पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को शराब दुकान पर 2500 रुपए का चालान काटा है। इसके अलावा एस.एफ. चौराहे स्थित दुकान पर भी गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर 3000 रुपए का चालान किया गया है।
निगमायुक्त के निर्देश पर हो रही कार्रवाई
बताया गया कि निगमायुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से निरंतर कार्यवाही की जा रही है। खुले में कचरा फेंकने वाले, डस्टबिन न रखने वाले और प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ नगर निगम की टीम द्वारा सख्त कार्यवाही जारी है।
सिरमौर चौराहे पर खुले में पिला रहे थे शराब, गंदगी भी
इसी क्रम में नगर निगम उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी की उपस्थिति में निगम क्षेत्र अंतर्गत सिरमौर चौराहा में स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान (जय महाकाल एसोसिएट) के बाहर दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से दुकान के बाहर बैठा कर शराब पिलाने और परिसर में गंदगी फैलाने पर 2500 रुपए की चालानी कार्यवाही की गई है।
आयुक्त बोले- दोबारा गलती पर सख्त कार्रवाई होगी
आयुक्त सौरभ सोनवणे के मुताबिक, प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक की जब्ती के साथ ही दुकानदारों को समझाइश दी गई कि पुनरावृत्ति पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
एस.एफ. चौराहे पर भी 3000 का चालान
इसी प्रकार, एस.एफ. चौराहा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान के बाहर भी दुकानदारों द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग करते हुए और दुकान के बाहर गंदगी फैलाते हुए पाया गया। जिस पर नगर निगम की टीम द्वारा चालानी कार्यवाही करते हुए 3000 रुपए का चालान किया गया।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस कार्यवाही में नगर निगम का स्वच्छता निरीक्षक, आईईसी टीम और अतिक्रमण दल मौजूद रहा।