दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हारट पुल से निकली सुनार नदी में 30 से 35 साल के एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलते ही हटा टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
शव को अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद उसे शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शव करीब 4 से 5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
युवक की पहचान के प्रयास जारी
युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। टीआई उपाध्याय ने बताया कि मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या वस्तु नहीं मिली है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। युवक ने केवल पेंट पहना हुआ था और उसके शरीर पर चोट के कोई निशान भी नहीं मिले हैं।
पुलिस ने पहचान के लिए हटा के ककराई वार्ड से चार दिन पहले गुमशुदा हुए एक व्यक्ति के परिजनों को भी बुलाया था। हालांकि, परिजनों ने शव को अपने लापता सदस्य से मेल खाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द परिजनों का पता लगाकर शव उन्हें सौंपा जा सके।
