छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के कटारा गांव में सोमवार देर रात 25 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार को युवक का शव गांव के पास सड़क किनारे मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव की पहचान कटारा गांव निवासी निलेश पाल (25) के रूप में हुई, जो खेती-किसानी करता था।
रात में खेत पर पंप चलाने गया था परिजनों के अनुसार, निलेश रात में खेत पर पंप चलाने गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार को चिंता हुई। सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि दयाली कुशवाहा के खेत के पास सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है। परिजन पहुंचे तो देखा कि वह निलेश का शव था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सटई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह हत्या धारदार हथियार से की गई प्रतीत हो रही है। पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को बुलाया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
प्रेम-प्रसंग का से जुड़ा लग रहा मामला
निलेश के पिता रामकुमार पाल ने बताया कि “सोमवार को इमलिया के बबलू महाराज ने फोन कर निलेश से बात करने को कहा था। उसके बाद दोनों में बात भी हुई और समझौता हो गया था। फिर भी रात में मेरे बेटे की हत्या कर दी गई।”
एसडीओपी अजय राठौरिया ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।