दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र में न्यू दमोह पीएम आवास कॉलोनी मार्ग पर बुधवार दोपहर 2 बजे एक बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
एक घायल ने बताया कि कार की टक्कर से ऑटो सड़क किनारे पलट गया। जिससे उसमें सवार महिलाएं दब गईं। 2 से 3 घायलों ने ही ऑटो को सीधा खड़ा किया और फिर दबी हुई महिलाओं को बाहर निकाला।
घायलों का इलाज किया जा रहा है
अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि कुछ महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल में इस समय अफरा-तफरी का माहौल है, जहां डॉक्टर और स्टाफ घायलों के इलाज में जुटे हैं।
घायलों में शामिल दमोह के राजा पटना निवासी जगत अहिरवार ने बताया कि वे सभी आनू गांव में लोधी समाज के एक व्यक्ति के निधन के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हुआ।
कार चालक मौके से भाग गया
टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। कम घायल हुए पुरुषों ने ऑटो में फंसे अन्य घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल ले जाया गया। घायलों के नाम की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है, उनका इलाज जारी है।

