सागर में एक युवक ने अपने माता-पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी लाशों के पास ही बैठा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
वारदात देवरी थाना इलाके के धुलतरा गांव में बुधवार रात की है। पुलिस ने बताया कि गणेश सेन (55) अपनी पत्नी शांतिबाई सेन (52) के साथ टिकरिया चौराहे के पास रहते थे। रात में उनका अपने छोटे बेटे शिवराज सेन से पैसे मांगने पर विवाद हो गया। शिवराज ने सब्बल से हमला कर माता-पिता की हत्या कर दी।
दंपती के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। नजारा देखकर डायल 112 को फोन किया।
घर के बाहर सड़क पर पड़े मिले शव
देवरी एसडीओपी शशिकांत सरयाम ने बताया- डायल 112 पर हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घर के बाहर सड़क पर दंपती के शव पड़े थे। जिन्हें पंचनामा बनाकर अस्पताल भेजा।
पिता से पैसे मांग रहा था शिवराज
टीआई गजेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा- गणेश सेन के मकान का निर्माणकार्य चल रहा है। बुधवार रात शिवराज घर पहुंचा और पिता गणेश से पैसे मांगने लगा। उसने कहा कि वह मकान निर्माण में भी मदद करता है, लेकिन उसे पैसे नहीं दिए जा रहे हैं।
इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर शिवराज ने पिता पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई मां की भी हत्या कर दी।