रीवा जिले में पत्नी और ससुराल पक्ष से परेशान होकर एक युवक ने जहर का सेवन कर लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले अस्पताल से युवक का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है। पूरा मामला चोरहटा थाना क्षेत्र के ग्राम डाढ़ी का है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में लिखा- ‘पत्नी को हो आजीवन कारावास’
मरने से पहले अरुण द्विवेदी ने एक बयान दिया और एक सुसाइड नोट भी लिखा। सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी अर्चना द्विवेदी को जिम्मेदार ठहराया है। युवक ने लिखा है, “मेरी हत्या का कारण मेरी पत्नी अर्चना द्विवेदी है, इसे आजीवन कारावास की सजा दी जाए।” मृतक ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा कि वह प्रयागराज से घर लौटा है और खुदकुशी कर रहा है।
पत्नी की दो बार गुमशुदगी दर्ज करा चुका था
बताया जा रहा है कि अरुण पहले भी मानसिक तनाव में था। उसने पहले भी चोरहटा थाने में अपनी पत्नी अर्चना द्विवेदी की दो बार गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस बोली- दर्ज कर रहे, जांच जारी
आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सुसाइड नोट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में तेजी से जांच की जा रही है। बयान दर्ज किए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

