पन्ना के नेशनल हाईवे-39 पर मोहन निवास के पास एक यात्री बस से अचानक भयानक धुआं निकलने लगा। आग लगने की आशंका पर बस में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। वे आनन-फानन में बस से नीचे उतरने लगे। घटना शुक्रवार दोपहर तकरीबन 12 बजे की है।
पन्ना से छतरपुर की ओर जा रही थी बस
सूचना मिलने पर यातायात थाना प्रभारी नीलम लक्ष्यकार तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला। उन्होंने बताया कि सिल्वर बस सर्विस (क्रमांक MP-35, P-0281) पन्ना से छतरपुर की ओर जा रही थी, तभी बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा।
घटना में कोई जनहानि नहीं
यात्रियों को लगा कि बस में आग लग गई है, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जागरूक नागरिकों और यातायात पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। बस में करीब दो दर्जन यात्री सवार थे।
यातायात पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक को बस ठीक करवाने के लिए मैकेनिक के पास भेज दिया गया है।