जबलपुर के मालवीय चौक स्थित अंजुमन इस्लामिया इंग्लिश मीडियम स्कूल ने एक नया आदेश जारी किया। इसमें कहा गया कि नए सत्र 2025-26 से स्कूल शुक्रवार को बंद रहेगा और रविवार को खुलेगा।
मैसेज बच्चों के पेरेंट्स के मोबाइल पर भेजा गया। मैनेजमेंट का कहना है कि जुमे की नमाज के कारण बच्चे स्कूल नहीं आते हैं, इसलिए शुक्रवार को छुट्टी रखने का निर्णय लिया गया।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने स्कूल के इस आदेश को तुगलकी फरमान बताते हुए कड़ा विरोध जताया था। जिला शिक्षा अधिकारी को जानकारी मिलने के बाद टीम स्कूल पहुंची और गेट पर लगे ताले को तुड़वाया गया है। ऐसे में अंजुमन इस्लामिय बोर्ड ने शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी और रविवार को स्कूल लगने का आदेश निरस्त कर दिया गया है।
स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग
भाजपा मोर्चा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की थी। पत्र में कहा गया कि 2024 तक स्कूल रविवार को बंद रहता था और परिवार, माता-पिता और बच्चों की सुविधाओं के लिए यह जरूरी है।
प्रबंधन बोला- बच्चे जुमे के दिन नहीं आते
स्कूल प्रबंधक अन्नू अनवर ने बताया कि अंजुमन इस्लामिया के शहर में 6 स्कूल और 1 कॉलेज हैं। मालवीय चौक स्थित इंग्लिश मीडियम स्कूल को छोड़कर सभी स्कूल में शुक्रवार को छुट्टी रहती है। इसका कारण यह है कि इस दिन बच्चों की उपस्थिति बहुत कम रहती है।
अंजुमन इस्लामिया स्कूल में लगभग 700 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन शुक्रवार के दिन केवल 10 से 20 बच्चे ही स्कूल आते थे। स्कूल की शिक्षकों से पूछने पर उन्होंने बताया कि जुम्मे की नमाज के कारण बच्चे नहीं आते।
बच्चों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रिंसिपल और शिक्षकों ने मीटिंग की और निर्णय लिया कि जुमे के दिन छुट्टी रखकर, बच्चों की पढ़ाई के लिए रविवार को स्कूल लगाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार चाहेगी तो इस निर्णय को हम निरस्त कर देंगे। हमें कोई एतराज नहीं है, हम बच्चों के हित में ही ऐसा कर रहे थे।
जिला शिक्षा अधिकारी को जानकारी नहीं
जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने कहा कि उन्हें इस आदेश की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा आदेश जारी किया गया है, तो यह गलत है। स्कूल प्रबंधन को बुलाकर पूछा जाएगा कि यह निर्णय कैसे लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी स्कूलों में रविवार को छुट्टी रहती है।

वॉट्सएप ग्रुप पर शुक्रवार को छुट्टी का मैसेज