सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में गढ़ाकोटा रोड पर स्थित बरपानी पुराई की तलाई के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हुई और हनुमान मंदिर से टकरा गई। दुर्घटना में बस में सवार एक युवती की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर घायल हुए हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, सीधी जिले से बस क्रमांक जीजे 14 एक्स 5295 शुक्रवार को मजदूरों को लेकर गुजरात के सूरत जा रही थी। तभी बरपानी के पास बस अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे बने हनुमान मंदिर से टकरा गई।
टक्कर में हनुमान मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। लेकिन मूर्ति सुरक्षित है। वहीं बस के कैबिन में बैठी एक युवती की मौत हो गई। ड्राइवर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को गढ़ाकोटा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बस ड्राइवर को बीएमसी रैफर किया गया है। बस ड्राइवर की पहचान अतुल सिंह निवासी हनुमानगढ़ राजस्थान का है। सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक की मौत हुई है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच की जा रही है।