राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर पन्ना-छतरपुर मार्ग स्थित मडला घाटी में बुधवार, 1 नवंबर को एक के बाद एक तीन ट्रक पलट गए। इस घटना के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भैरव टेक घाटी, जिसे अब जाम की घाटी कहा जाने लगा है, पर अक्सर ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। आज की घटना में, तीनों ट्रक अनियंत्रित होकर पलटे, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
एक ट्रक चालक सुखदेव सिंह ने बताया कि वे कटनी से भूसा लेकर छतरपुर जा रहे थे। मडला घाटी में पहले से जाम लगा था। जब उन्होंने अपने ट्रक को किनारे लगाने का प्रयास किया, तो सड़क किनारे साइड सोल्डर न होने के कारण उनका ट्रक पलट गया। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन ट्रक में लदा भूसा सड़क पर बिखर गया।
छत्तीसगढ़ से अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे राहगीर दीपक शर्मा ने बताया कि वे काफी समय से जाम में फंसे हुए हैं। उन्होंने सड़क की खराब स्थिति और साइड सोल्डर की कमी को जाम का मुख्य कारण बताया। शर्मा के अनुसार, भारी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण क्रॉसिंग में समस्या आती है और दोनों ओर करीब 3 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगा हुआ है।
जाम में यात्री बसें, ट्रक चालक और निजी वाहनों से यात्रा करने वाले लोग फंसे हुए हैं। मौके पर मंडला पुलिस और यातायात पुलिस की टीम जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। क्रेन की मदद से तीनों ट्रकों को सड़क किनारे हटाने का काम जारी है।
