सागर कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरव्याऊ टौरी इलाके में देर रात एक युवक छत से नीचे गिर गया, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने युवक को चोर बताया है, जबकि पुलिस ने उसे नशे की हालत में बताया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल युवक के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
घायल अवस्था में मिला युवक
कोतवाली पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली कि पुरव्याऊ मंदिर के पास एक युवक घायल हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो युवक ने अपना नाम अनीश उर्फ हनी चढ़ार (19) निवासी सागर बताया। उसने बताया कि वह शराब के नशे में मंदिर की छत पर चढ़ गया था, जहां से गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय लोगों ने बताया चोर
इधर, मोहल्ले के रहवासियों का कहना है कि देर रात इलाके में एक घर से मोबाइल चोरी हुआ था और दूसरे घर में चोरी का प्रयास किया गया था। इसी दौरान एक युवक छत से गिर गया, जिसे लोगों ने चोर बताया। हालांकि, किसी भी व्यक्ति ने अब तक थाने में चोरी की शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि घायल युवक नशे की हालत में मिला था और उसने खुद ही छत से गिरने की बात कही है। चोरी को लेकर अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।