खुरई देहात थाना क्षेत्र के आचार्य विद्यासागर वार्ड में सोमवार सुबह बच्चों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बादल सिंह (50) और हरिराम (65) के परिवारों के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई। यह विवाद जल्द ही झगड़े में बदल गया और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घायलों में बादल सिंह, माजा (26), संत राम (21) सहित नौ लोग शामिल हैं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल खुरई ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य ने उपचार से इनकार कर दिया।
विवाद की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वार्ड में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।