रीवा जिले में नशीली सिरप की अवैध बिक्री थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में मनगवां थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक की बोरी में 58 नग ओनरेक्स कफ सिरप बरामद की है। आरोपी मनगवां में कुईया कला स्थित बच्चन नाला पुलिया के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
बोरी लेकर ग्राहक की तलाश में था आरोपी \
मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम कुईया कला स्थित बच्चन नाला पुलिया के पास अपने साथ एक सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी में भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप लेकर खड़ा हुआ है और ग्राहक की तलाश में है।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा मुखबिर से प्राप्त सूचना को वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो एक संदिग्ध व्यक्ति अपने हाथ में सफेद रंग की बोरी लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर व्यक्ति को बोरी के साथ पकड़ा लिया। पकड़े गए व्यक्ति की बोरी की तलाश ली गई, जिससे भारी मात्रा में अवैध नशीली कफ सिरप बरामद हुई।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय पेश किया गया पुलिस ने तत्काल अवैध नशीली कफ सिरप को जब्त कर आरोपी संदीप उर्फ सहवाग पिता गुलाब सिंह (उम्र 39 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना मनगवां में अप.क्र. 573/2025 धारा 8,21,22 NDPS ACT. 5/13 औ. निय. अधि. के तहत कार्यवाही की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की पता तलाश लगातार जारी है।