जबलपुर-दमोह मार्ग के ग्राम बेलखाड़ू में सोमवार सुबह एक युवक ने ट्रक के केबिन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर बेलखाड़ू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पता चला कि मृतक ट्रक का चालक था, जो सिवनी जिले का रहने वाला है। कटंगी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है।
सड़क किनारे खड़ा था ट्रक
ट्रक क्रमांक एमएच 40 बीजी 5592 जो कि सिवनी जिले के धूमा में रहने वाले दुर्गेश बंजारा का है। मृतक बंशीलाल कई माह से उनका यह ट्रक चला रहा है। रविवार को दोपहर को मृतक अकेले ट्रक लेकर दमोह जिले के जबेरा पहुंचा, जहां वेयरहाउस से उसने गेहूं ट्रक में लोड करवाया और फिर हैदराबाद के लिए निकला।
जानकारी के मुताबिक बंशीलाल देर रात को ट्रक लेकर निकला था, जो कि बेलखाड़ू के पास आकर रुक गया। चूकिं ट्रक में जीपीएस लगा हुआ था, लिहाजा मालिक दुर्गेश ने देखा कि रात से सुबह तक ट्रक एक ही स्थान पर खड़ा हुआ है, उन्होंने चालक बंशीलाल को फोन लगाया, तो उसका नंबर बंद जा रहा था।
एजेंट पहुंचे तो लटका हुआ था बंशी
ट्रक मालिक दुर्गेश को शक हुआ कि ट्रक आखिर क्यों एक ही स्थान पर खड़ा हुआ है, तो उन्होंने जबलपुर में अपने एजेंटों को सूचना दी। सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एजेंट जब बेलखाड़ू पहुंचे तो उन्होंने देखा कि ड्राइवर रोड किनारे ट्रक खड़ा करके केबिन में रस्सी के सहारे लटका हुआ है।
जानकारी लगते ही बेलखाड़ू चौकी प्रभारी राजेश धुर्वे मौके पर पहुंचे और उसकी तालाशी ली तो, चालक का मोबाइल बंद मिला। ट्रक की जांच करने पर उसमें गेहूं लोड होना पाया गया। चौकी प्रभारी का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
