सागर के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रई बुजुर्ग में खेत में बिजली केबल डालने जा रहे एक किसान पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया है। सरकारी रास्ते से जाने की बात को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था। किसान की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है और आरोपी मौके से फरार हो गया है।
सरकारी रास्ते से जा रहा था, तभी आरोपी ने रोका
पुलिस के अनुसार, फरियादी विनोद पिता विश्वनाथ यादव (निवासी पड़रई बुजुर्ग) ने सोमवार शाम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बालाजी हनुमान मंदिर के पास ट्रांसफार्मर लगा है। वह वहां से अपने खेत में बिजली केबल डालने के लिए लकड़ी के डंडे लेने के लिए सरकारी रास्ते से जा रहे थे। वहीं पर गांव का रामाकांत चढ़ार खड़ा था। रामाकांत चढ़ार ने उन्हें रोकते हुए कहा कि “मेरे खेत की मेड़ से क्यों जा रहे हो।” इस पर विनोद यादव ने कहा कि वह तो सरकारी रास्ते से जा रहे हैं। इसी बात को लेकर रामाकांत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब विनोद ने गालियां देने से मना किया, तो रामाकांत चढ़ार ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी विनोद के कंधे पर लगी। जब आरोपी दूसरा वार करने लगा तो विनोद ने कुल्हाड़ी पकड़ ली। घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। रामाकांत जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। विनोद को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवरी पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।