रीवा में आईजी की चेतावनी के बाद अब थाना स्तर पर पुलिस ने नशीली कफ सिरप पर कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह चोरहटा थाना पुलिस ने 42 सीसी नशीली कोरेक्स कफ सिरप के साथ एक आरोपी को पकड़ा है।
आरोपी सचिन तिवारी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सचिन यह कफ सिरप कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति झोले में नशीली कफ सिरप की बोतलें रखकर बाइक से सप्लाई के लिए निकलने वाला है। सूचना मिलते ही चोरहटा पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की और सभी मार्गों पर नजरें तैनात की।
कुछ ही देर में संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश की। घेराबंदी कर कुछ ही सेकेड में उसे दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से 42 सीसी नशीली कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
जांच में पता चला कि सचिन लंबे समय से नशीली कफ सिरप के अवैध धंधे में सक्रिय था और फरार चल रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आईजी- नशे के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी
आईजी गौरव राजपूत का कहना है कि रीवा जिले में नशे के खिलाफ यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। टीम का मकसद है कि जिले में किसी भी रूप में नशीले पदार्थों की सप्लाई या अवैध व्यापार को जड़ से खत्म किया जाए ताकि समाज का कोई भी युवा इस जहर की गिरफ्त में न आए।