जबलपुर में पहली बार भारत गोल्फ महोत्सव का आयोजन हो रहा है। इस कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा सहित गोल्फ के कई खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे। गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया (GFI) ने यह टूर्नामेंट शहर के आर्मी एरिया में 8 और 9 नवंबर को आयोजित करने की घोषणा की है।
गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी आर्यवीर आर्या ने बताया कि इस खेल का मुख्य उद्देश्य देश में गोल्फ को बढ़ावा देना और बच्चों को आउटडोर खेलों से जोड़ना है। इससे लोग स्वस्थ जीवन शैली अपनाएंगे और प्रकृति के प्रति जागरूक होंगे।
रणदीप हुड्डा बोले- पर्यावरण को बचाना है
फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा ने कहा कि यह महोत्सव केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सिंतबर 2025 से जनवरी 2026 तक देश के कई शहरों में आयोजित होने वाली गौरव यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, मेक इन इंडिया और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देगा। इस महोत्सव का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, 12 जनवरी 2026 को होगा।
8 और 9 नवंबर को जबलपुर के आर्मी एरिया में आयोजित इस कार्यक्रम में वीर माताओं और बहनों का सम्मान, हजारों पौधों का रोपण और मैराथन दौड़ भी शामिल होगी।
कार्यक्रम का शेड्यूल
दो दिवसीय महोत्सव में देश भर के व्यक्ति, गोल्फ खिलाड़ी और जवान शामिल होंगे।
- 8 नवंबर: NTOBC रन, गोल्फ ट्रेनिंग के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, पौधारोपण, स्वास्थ्य और प्रकृति के प्रति जागरूकता, छात्रों के लिए गोल्फ ट्रेनिंग।
- 9 नवंबर: गोल्फ खेल प्रतियोगिता, देश भर के गोल्फ खिलाड़ियों का समागम, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम जिसमें लगभग 10,000 लोग शामिल होंगे, और शहीदों के परिवार का सम्मान।
गाेल्फ को बढ़ावा देना उद्देश्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गोल्फ को बढ़ावा देना, इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर गोल्फ के खेल की लोकप्रियता और बढ़ाया जाए, इसके अलावा युवाओं को प्रेरित करना, बच्चों को ‘स्क्रीन’ की दुनिया से निकालकर खेल के मैदानों तक लाना,लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक करना।
इस आयोजन में देश भर के गोल्फ खिलाड़ियों के साथ ही डिप्टी सीएम, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, सांसद और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगें।