सागर जिले के दो युवा पर्वतारोहियों ने 8 दिन में माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई कर बेस कैंप पर पहुंचकर तिरंगा फहराया है। सागर जिले के शाहगढ़ निवासी युवा पर्वतारोही अक्षय जैन और ग्राम बसारी के रहने वाले अभिलेश सिंह राजपूत ने माउंट एवरेस्ट पर पहुंचे हैं। उन्होंने 2 नवंबर को माउंट एवरेस्ट के नेपाल के दक्षिणी बेस कैंप पर 5364 मीटर (17598 फीट) ऊंचाई पर पहुंचकर तिरंगा फहराया है।
26 अक्टूबर को शुरू की थी यात्रा
युवा पर्वतारोहियों ने बताया कि उन्होंने 26 अक्टूबर को माउंट एवरेस्ट की यात्रा शुरू की। यात्रा शुरू होने के एक दिन बाद ही बर्फबारी का मौसम शुरू हुआ। विपरीत परिस्थितियों में पहाड़ की ऊंचाई पर चढ़ना मुश्किल हो रहा था। जैसे-जैसे ऊंचाई बढ़ रही थी, हम लोगों की सांस फूल रही थी। लेकिन किसी ने हार नहीं मानी।
बर्फीली हवाओं और बर्फबारी के बीच लगातार आगे बढ़े और आठ दिन की यात्रा पूरी कर 2 नवंबर को माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप पर पहुंचे। जहां तिरंगा फहराकर सुकून मिला। युवा पर्वतारोहियों के साहस को लेकर क्षेत्र के लोगों ने कहा कि अक्षय और अभिलेश ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और हिम्मत से हर मुश्किल को मात दी जा सकती है। दोनों पर्वतारोहियों की इस उपलब्धि से युवा वर्ग में रोमांच और साहसिक खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
बता दें माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पहाड़ की तलहटी में स्थित एक शुरुआती शिविर स्थल है। बेस कैंप लगभग 5,364 मीटर की ऊंचाई पर है। वहीं, माउंट एवरेस्ट का शिखर 8,848.86 मीटर की ऊंचाई पर है।