सागर के कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को सागर जनपद के वार्ड क्रमाांक-13 से जनपद सदस्य ने आत्मदाह करने के लिए पेट्रोल लेकर पहुंचे। मामले की भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें पकड़ लिया। बैग की तलाशी ली तो उसमें पेट्रोल से भरी हुई बोतल मिली। जिस पर पुलिस ने पेट्रोल जब्त किया। पुलिस उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर गोपालगंज थाने ले गई।
जेब से रुपए छीनने के मामले में कार्रवाई नहीं होने से थे नाराज
जनपद सदस्य पति फदाली अहिरवार निवासी पामाखेड़ी ने बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे राजाराम शर्मा ने जेब में रखे 5 हजार रुपए छीन लिए। गालीगलौज की। मामले में 24 अप्रैल को सानौधा थाने पहुंचकर शिकायत की। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद एसपी, आईजी और डीजीपी तक शिकायती आवेदन दिया। मगर कार्रवाई नहीं हो रही है। जिसको लेकर मैं परेशान हूं। सभी अधिकारियों से शिकायत कर चुका हूं। परेशान होकर आज जनसुनवाई में पेट्रोल लेकर आत्मदाह करने के लिए पहुंचा था। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम अमन मिश्रा मौके पर पहुंचे और फदाली अहिरवार की शिकायत सुनी। उन्होंने संबंधित विभाग को आवेदन पहुंचकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।