दमोह कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात शहर की ऑफिसर्स कॉलोनी में एक जुआ फड़ पर छापा मारा। पटवारी शिव शंकर पटेल के आवास के सामने चल रहे इस जुए के अड्डे से 10 जुआरियों को लाखों रुपए के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से करीब 23 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।
पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दी दबिश
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऑफिसर्स कॉलोनी क्षेत्र में एक बड़ा जुआ फड़ संचालित हो रहा है, जहां लाखों के दांव लगाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दबिश दी।
इस दौरान 3 लाख 93 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन और स्कूटर सहित कुल लगभग 23 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया।
जुआरियों के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तार किए गए सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, दीपावली के अवसर पर जिले भर में कई स्थानों पर जुआ फड़ संचालित होते हैं। दमोह पुलिस ऐसे बड़े जुआ फड़ों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले भी पथरिया, बटियागढ़ और दमोह में कई जगह दबिश देकर लाखों रुपए जब्त किए गए हैं और जुआरियों को पकड़ा गया है।
पुलिस ने 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार
ऑफिसर्स कॉलोनी में पकड़े गए जुआ फड़ से गिरफ्तार किए गए 10 जुआरियों में संजय उर्फ संजू चक्रवर्ती (57, गार्डलाइन दमोह), राजू राय (35, गार्डलाइन दमोह), एफाज खान (41, पथरिया फाटक हटा रोड), मनीष अवस्थी (45, लोको), मनीष जाटव (42, पथरिया फाटक), अभिषेक सिंह ठाकुर (39, समन्ना), मोनू गोरी (40, धरमपुरा), महेंद्र मिश्रा (54, बादकपुर), दीपचंद अग्रवाल (50, विवेकानंद) और एसएस पटेल (60, मांगज वार्ड 4 दमोह) शामिल हैं। जब्त किए गए सामान में 11 मोबाइल, 5 स्कूटी और 1 कार भी शामिल है।