सागर में बिनायका थाना क्षेत्र के ग्राम कोटरा में नशे में धुत आरोपी ने 55 वर्षीय व्यक्ति की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। मृतक वारदात के समय अपने खेत जा रहा था। तभी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला किया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे धन सिंह खंगार उम्र 55 साल निवासी कोटरा बाइक से अपने खेत जा रहे थे। रास्ते में गाड़ी रोकी और मोबाइल पर किसी से बात करने लगे। इसी दौरान पीछे से आकर तेज सिंग गौंड ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
कुल्हाड़ी लगने से धनसिंह गंभीर घायल हुए। वह जमीन पर गिर पड़े। आरोपी मौके से भाग गया। आसपास के लोगों ने घटना देखी तो परिवार वालों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल धनसिंह को इलाज के लिए सागर लेकर पहुंचे।
जहां डॉक्टर ने चेकअप के बाद धनसिंह को मृत घोषित कर दिया। बिनायका थाना पुलिस को वारदात की सूचना मृतक के बेटे ने दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात कही जा रही है। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या का कारण सामने आ सकेगा।