सागर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरटीओ रोड मोड़ के पास जंगल में चार युवकों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी धारदार हथियार लेकर किसी वारदात की योजना बना रहे थे। सभी को गिरफ्तार कर थाने में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरटीओ रोड मोड़ के पास जंगल में कुछ बदमाश अवैध हथियारों के साथ किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने टीम गठित कर कार्रवाई के लिए रवाना की। टीम ने मुखबिर के बतायानुसार स्थल पर पहुंचकर घेराबंदी की। जहां पुलिस को आता देख बदमाश भागने लगे। जिनका पीछा कर पुलिस जवानों ने धरदबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से धारदार चाकू बरामद किए गए।
मामला दर्ज कर पूछताछ कर रही पुलिस
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम देवेंद्र पिता दिनेश राय उम्र 18 साल, अन्नू उर्फ अनुराग पिता अशोक पवार उम्र 19 साल, नीलेश पिता देवेंद्र पटेल उम्र 26 साल, सूरज पिता हेमराज अहिरवार उम्र 23 साल बताया। आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस थाने लेकर आई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि वारदात करने की फिराक में घूम रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।