रीवा में पेट्रोल डलवाने पंप पर गए एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला हो गया। घटना में व्यक्ति सिर, हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर पीड़ित ने पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप लगाया है।
जिस युवक पर हमला हुआ, उसका नाम रजनीश अग्निहोत्री (52) है। उनका अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार रात की है।
बीच-बचाव करने के दौरान घायल हुए
घायल रजनीश अग्निहोत्री ने बताया कि मैं पेट्रोल डलवाने के लिए पंप पर गया हुआ था। उसी समय मृगेंद्र सिंह नामक व्यक्ति की बेटू नाम के ड्राइवर से बहस हो रही थी। इस बीच मैंने बीच बचाव किया और झगड़ा न करने की समझाइश दी। बस इसी बात से खफा होकर मृगेंद्र सिंह ने मुझ पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। मेरे, सिर,हाथ और पैर पर मार मारकर घायल कर दिया। जिसमें मैं बुरी तरह से घायल हो गया। शरीर से काफी खून भी बह गया है।
रजनीश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है, जबकि मेडिकल में साफ साफ लिखा है कि सिर पर गंभीर चोंट आई है। फिलहाल विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने घटनाक्रम को जांच में लिया है और मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।