दमोह में रविवार सुबह नगरपालिका स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने ‘टीम उम्मीद’ के सदस्यों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। यह अभियान बेलाताल पार्क में आयोजित किया गया, जहाँ हाल ही में कलेक्टर सुधीर कोचर ने ओपन जिम का उद्घाटन किया है।
पार्क को आम नागरिकों के लिए सुबह 5:30 बजे से 9:30 बजे तक खोला गया है। हरीश पटेल ने अपनी टीम के साथ मिलकर पार्क में जमा कूड़ा-कचरा साफ करवाया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर दमोह को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में काम करते रहेंगे।
इस अभियान में हरीश पटेल के साथ युवा अचीवर कृष्णा पटेल, हैदराबाद से आए अंकित लहरी, राकेश राठौर, महेंद्र सिंह लोधी, दीपक राजपूत, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र पटेल, मनोज गुप्ता, जितेंद्र अहरवाल, हरि साहू, गुंजन अग्रवाल, दीपिका सेन और डाली कटहरे सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता दूत और नगर पालिका कर्मी मौजूद रहे।
हरीश पटेल ने दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि वे दमोह जिले को सम्मानित श्रेणी में लाने के लिए पूरी कोशिश करेंगे। हैदराबाद से आए अंकित लहरी ने अभियान का हिस्सा बनने पर गर्व व्यक्त किया और दमोह के बाहर रहने वाले लोगों से भी इसमें सहयोग करने की अपील की।
यूथ अचीवर कृष्णा पटेल ने बताया कि दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर के मार्गदर्शन में पिछले एक साल से स्वच्छता अभियान चल रहा है। उन्होंने सभी से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर दमोह को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया। हरीश पटेल के प्रयासों से दमोह में स्वच्छता के अच्छे परिणाम दिख रहे हैं, और वे स्वयं कचरा फैलाने वालों को रोककर जागरूक करते हैं।