रीवा एयरपोर्ट के लोकार्पण के एक साल बाद सोमवार को रीवा-नई दिल्ली के बीच 72 सीटर विमान की नियमित हवाई सेवा की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दी। विंध्य क्षेत्र के सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि एयरपोर्ट पर मौजूद रहे।
रीवा एयरपोर्ट का शिलान्यास 15 फरवरी 2023 को किया गया था। इसी दिन से रीवा–जबलपुर, भोपाल, खजुराहो और सिंगरौली के लिए एयर टैक्सी और 17 सीटर विमान की सुविधा शुरू हुई थी। अब 72 सीटर विमान से दिल्ली और जल्द ही इंदौर की उड़ानें भी शुरू होंगी।
विमान सेवा शुरू होने पर सीएम ने कहा कि विंध्य अब वायु मार्ग से पूरी तरह जुड़ गया है। वहीं डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया।
28 अक्टूबर को ATR-72 का सफल ट्रायल बीते 28 अक्टूबर को रीवा एयरपोर्ट पर ATR-72 विमान का सफल ट्रायल रीवा के ही पायलट राघव मिश्रा ने किया था। ट्रायल सफल होने के बाद सभी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं, जिससे नियमित उड़ानें शुरू करने का रास्ता साफ हो गया।
PM मोदी ने विंध्यवासियों को भेजा संदेश, दी शुभकामनाएं उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र के माध्यम से विंध्यवासियों को बधाई दी। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा, सांसद गणेश सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक नरेंद्र प्रजापति, रीति पाठक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
CM मोहन यादव- विंध्य अब वायु मार्ग से पूरी तरह जुड़ा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा एक समय था जब विंध्य में हवाई सेवा की कल्पना तक नहीं की जाती थी। आज रीवा की वायु सेवा औद्योगिक विकास के साथ मैहर, चित्रकूट, खजुराहो और अन्य धार्मिक पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगी।
उन्होंने बताया कि जल्द ही हेलिकॉप्टर सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एयर एम्बुलेंस सुविधा को और व्यापक किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल- विंध्य के लिए ऐतिहासिक दिन डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल ने कहा रीवा से दिल्ली की सीधी उड़ान एक सपना था, जो आज साकार हुआ है। शिक्षा, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ेंगे। पहले व्यापारियों को प्रयागराज या वाराणसी जाना पड़ता था, अब सीधी कनेक्टिविटी से समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि रीवा के जलप्रपातों, मंदिरों और नेशनल पार्कों तक देश-विदेश के पर्यटक आसानी से पहुंच सकेंगे।
दिल्ली दो घंटे में, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बड़ा लाभ रीवा एयरपोर्ट से दिल्ली की यह उड़ान यात्रियों को मात्र दो घंटे में राजधानी पहुंचाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इससे व्यापार, शिक्षा, उद्योग और पर्यटन क्षेत्रों में भारी तेजी आने की उम्मीद है।


सीएम ने वर्चुअली जुड़कर हरी झंडी दिखाई।