सागर की देवरी विधानसभा के ग्राम मुहली में अवैध शराब बिक्री से महिलाएं परेशान हैं। गांव में शराब पीकर शराबी हंगामा मचा रहे हैं। महिलाओं का शाम ढलने के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। गांव का माहौल खराब हो रहा है। जिसके विरोध में महिलाएं सड़क पर उतरी हैं। उन्होंने गांव में अवैध शराब बिक्री बंद कराने की मांग की है।
अवैध शराब बिक्री से परेशान मुहली गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर विरोध शुरू किया है। महिलाएं गांव के राम जानकी मंदिर पर जमा हुईं। जहां से स्लोगन लिखीं तख्तियां हाथों में लेकर जागरूकता रैली निकाली। जिसमें उन्होंने गांव में अवैध शराब बिक्री बंद करने और शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि गांव में शराब बंद कराकर ही रहेंगे। शराब बंद नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे। शराब बेचने वालों का पुतला जलाया जाएगा।
गांव की अनीता सिंह राजपूत ने बताया कि
गांव में शराबियों का आतंक है। बड़ों से लेकर बच्चे शराब पी रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ घरों में स्थिति यह है कि उधार शराब पी रहे हैं। जिसके बाद घरों में रखा अनाज बेचकर पैसे दे रहे हैं। शराब पीने के बाद पुरुष घर आकर महिलाओं से मारपीट कर रहे हैं। जिससे महिलाएं परेशान हैं।
स्कूल परिसर में फैली रहती शराब की बोतलें
गांव के स्कूल परिसर में सुबह से शराब की बोतल पड़ी रहती है। शिक्षक आते हैं तो स्कूल शुरू करने से पहले बोतलें साफ कराते हैं। गांव की स्थिति बहुत खराब है। शासन और प्रशासन से मांग है कि गांव में अवैध शराब बिक्री बंद कराई जाए। ताकि गांव का माहौल सुधरे।
इस दौरान मीरा राजपूत, निशा, रोशनी, बबली, सरोज रानी, अवध रानी, कमला रानी, बसंती, शिवरानी, निधि ,मालती, रजनी, राधा रानी, ममता, संगीता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।