छतरपुर के बरेठी गांव में देर रात भैंस चोरी की पुरानी रंजिश को लेकर चार लोगों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस हमले में एक व्यक्ति लापता हो गया है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में एक व्यक्ति की पांच उंगलियां कट गईं। पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बमीठा थाना क्षेत्र के बरेठी गांव में हुई। देर रात भगवान सिंह परवा गांव से अपनी कार से आ रहे थे। हरिजन बस्ती के पास गांव के ही प्रताप सिंह, बाबू सिंह, रतन सिंह, भोले सिंह, रुद्र सिंह, हल्के सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, बीरेंद्र सिंह और मंगल सिंह ने एक ट्रैक्टर से उनकी कार को टक्कर मार दी।
बचाने आए तो बका-कुल्हाड़ी से किया हमला
जब रणवीर, रोशन, अनरत और सूबेदार सिंह उन्हें बचाने पहुंचे, तो हमलावरों ने बका, कुल्हाड़ी और डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सभी के सिर में चोटें आईं। अनरत की दोनों हाथों की पांच उंगलियां कट गईं। घटना के बाद आरोपी भगवान सिंह को अपने साथ ले गए और मौके से फरार हो गए। पुलिस लापता भगवान सिंह की तलाश कर रही है।
10 लोगों पर मामला दर्ज
डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 190, 296(a), 115(2), 351(3), 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
घायल जिला अस्पताल रेफर
हमले में घायल हुए सभी लोगों को पहले खजुराहो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों का इलाज जारी है। घायल रणधीर सिंह ने बताया कि तीन साल पहले उनके परिवार के लोगों ने भैंस चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी रंजिश के चलते यह मारपीट की गई है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
घायल रणधीर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी मारपीट और जमीनी विवाद के कई मामले दर्ज हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती।