रीवा में टू व्हीलर वाहनों की सघन चेकिंग अभियान की शुरुआत कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस की टीम लगातार वाहनों की जांच में जुटी हुई है। यातायात थाना प्रभारी अनीमा शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत हर दोपहिया वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस न केवल वाहन चालकों के कागजात की पड़ताल कर रही है, बल्कि विशेष रूप से यह देखा जा रहा है कि चालक और पीछे बैठा व्यक्ति दोनों ने हेलमेट लगाया है या नहीं।
बीते दिन ही यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर 72 मोटर साइकिल चालकों पर चालानी कार्रवाई की थी। बताया गया कि कई स्थानों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को मौके पर ही रोका गया, समझाइश दी गई और जुर्माना भी वसूला गया।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आने वाले दिनों में और कड़ा किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि शहर में सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है ताकि हेलमेट पहनने की आदत सभी दोपहिया चालकों और सवारियों में विकसित हो।
रीवा शहर के कॉलेज चौराहा, सर्किट हाउस तिराहा, पद्म धर पार्क और रेलवे स्टेशन रोड सहित कई प्रमुख जगहों पर पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं।
यातायात पुलिस का कहना है कि
यह कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और बिना हेलमेट चलने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। रीवा पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।