छतरपुर में एक ट्रैक्टर ने बाइक पर खड़े पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय छात्र अखिलेश पाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता प्रभु पाल घायल हो गए। यह घटना रविवार शाम भेलसी गांव के पास ईशानगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6:00 बजे नहर किनारे हुई। ट्रैक्टर अखिलेश के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद मेसी ट्रैक्टर का चालक संतोष यादव ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक अखिलेश पाल (17) भेलसी गांव का निवासी था और ईशानगर के एक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। रविवार छुट्टी के दिन वह अपने पिता प्रभु पाल के साथ खेत से पंप ठीक करवाने के लिए ईशानगर जा रहा था। नहर किनारे सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर को देखकर वे दोनों बाइक रोककर खड़े हो गए थे।
हादसे में पिता प्रभु पाल को सीने और दाहिने पैर में चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। देर रात जिला अस्पताल में डॉ. आशीष शुक्ला ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि पिता का प्राथमिक उपचार किया गया। सोमवार सुबह मृतक का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
पुलिस को सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर जब्त कर थाने भिजवाया। फरार ट्रैक्टर चालक संतोष यादव की तलाश जारी है।