टीकमगढ़ में स्कूली छात्रों से मारपीट और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों को आज कोर्ट में पेश किया गया। इस मामले में कुल सात युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी, जिनमें से पांच नाबालिग हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी बृजेंद्र चाचौंदिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मयंक भरभूजा और हर्ष भारती के रूप में हुई है। शेष पांच आरोपी नाबालिग है, जिसके अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, दो छात्रों के अभिभावकों ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई थीं। शुक्रवार रात आरके सोनी के बेटे की शिकायत पर दो लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पार्षद मोना जैन ने भी अपने बेटे के साथ मारपीट और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई, जिसमें सात लड़कों का नाम शामिल था। शिकायत करने वाले नौवीं कक्षा के एक छात्र ने पुलिस को मोबाइल चैट के सबूत भी दिखाए, जिनमें आरोपियों द्वारा पैसे मांगने और मारपीट की धमकी दी गई थी।
ब्लैकमेल कर वसूले 45 हजार
अभिभावक आरके सोनी ने बताया कि उनके बेटे के साथ पढ़ने वाले दो छात्रों ने पहले उससे दोस्ती की। बाद में वे उससे घर से पैसे मंगवाने लगे। जब तक उनका बेटा पैसे देता रहा, तब तक सब ठीक था, लेकिन पैसे लाने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। सोनी ने आरोप लगाया कि इन लड़कों ने उनके बेटे से अब तक करीब 45,000 रुपए ब्लैकमेल कर वसूले हैं।
आरके सोनी के अलावा, सचिन ठगन और पार्षद मोना जैन ने भी कोतवाली थाने में इसी तरह की शिकायतें दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके बेटों के साथ भी कुछ लड़कों ने मारपीट की और ब्लैकमेल कर घर से पैसे मंगवाए। पुलिस ने छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 308(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।