बीना में रायपुर निवासी अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज और उनके इष्ट देव के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में सोमवार को सिंधी समाज ने प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और विरोध रैली निकाली।
सुबह 10 बजे सिंधी समाज के सदस्य सिंधी धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां से एक विरोध रैली निकाली गई, जो ओवरब्रिज, सागर गेट और गांधी चौराहा होते हुए सर्वोदय चौराहा पहुंची।
सर्वोदय चौराहा पर समाजजनों ने अमित बघेल का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारी इसके बाद तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपी अमित बघेल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष संतोष वाधवानी, पूर्व अध्यक्ष मंशाराम सुंदरानी समेत बड़ी संख्या में सिंधी समाज के सदस्य मौजूद थे।
प्रदर्शन के कारण शहर का बाजार पूरी तरह बंद रहा। पुतला दहन के बाद समाज के सदस्यों ने शांति बनाए रखते हुए जले हुए पुतले को सड़क से हटाया, ताकि राहगीरों को कोई असुविधा न हो।
