सागर के ट्रैफिक थाना में पदस्थ आरक्षक का असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए चयन हुआ है। उन्होंने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) में सहायक प्राध्यापक (राजनीतिशास्त्र) पद के लिए परीक्षा दी थी। पुलिस आरक्षक देवेंद्र कुमार सुमन वर्तमान में यातायात थाना सागर में पदस्थ हैं। उनकी इस उपलब्धि के लिए सोमवार को डीआईजी सागर शशिंद्र चौहान ने सम्मानित किया।
डीआईजी कार्यालय में आरक्षक देवेंद्र सुमन का सम्मान
डीआईजी शशिंद्र चौहान ने सोमवार को आरक्षक देवेंद्र सुमन को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में उनके परिवारजन भी मौजूद रहे।डीआईजी चौहान ने कहा कि यह उपलब्धि देवेंद्र के दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और निरंतर अध्ययन का परिणाम है।उन्होंने बताया कि कर्तव्य निर्वहन के साथ उच्च शिक्षा हासिल करना पुलिस विभाग के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। यह सिद्ध करता है कि यदि मन में लगन हो, तो व्यस्त दिनचर्या भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनती।
जितना समय मिलता उतनी पढ़ाई की
असिस्टेंट प्रोफेसर बने आरक्षक देवेंद्र सुमन ने बताया कि पुलिस विभाग में चयन होने के बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई नहीं रोकी। वे ड्यूटी करने के बाद खाली समय में नियमित रूप से अध्ययन करते रहे। उन्होंने कहा कि कई बार परिस्थितियां कठिन रहीं और समय बहुत कम मिलता था, लेकिन फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तैयारी जारी रखी। लगातार मेहनत और पढ़ाई के कारण ही आज उन्हें असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की यह बड़ी सफलता मिली है।