दिल्ली में लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद रीवा में पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद डीजीपी से सख्ती के निर्देश मिले हैं और वर्तमान में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधिकारियों, डॉग स्क्वॉयड टीम और भारी पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चिरहुला मंदिर, होटल, ढाबे, शिल्पी प्लाजा, मुख्य मार्गों और बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहनता से जांच की गई।
गाड़ियों और लावारिस सामान की तलाशी
रेलवे स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, पार्किंग स्थलों और बस अड्डे पर खड़े वाहनों की तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉयड टीम ने संदिग्ध बैग, पार्सल और लावारिस सामान की बारीकी से पड़ताल की।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या वाहन की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।
पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार’
एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि किसी भी असामाजिक या उपद्रवी तत्व को शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है तथा हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
