रीवा के एक निजी स्कूल में चौथी क्लास की छात्रा को होमवर्क नहीं करने के कारण टीचर ने बेरहमी से पीटा। घटना सोमवार की है, जो मंगलवार को बिछिया थाने पहुंची। पिटाई में छात्रा की एक आंख सूजी और सिर पर गंभीर चोटें आईं। मामले में छात्रा और स्कूल प्रबंधन दोनों ने बिछिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता छात्रा के पिता ने कहा कि मैंने स्कूल संचालक और प्रिंसिपल से लगातार संपर्क कर पिटाई की वजह जानने की कोशिश की, लेकिन उल्टा स्कूल प्रबंधन ने बिछिया थाने में मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी।
सोशल मीडिया पर शेयर किया था मुद्दा
पिता ने आगे बताया कि जब स्कूल प्रबंधन ने उनकी शिकायत नहीं सुनी, तो उन्होंने सोशल मीडिया पर पूरी घटना साझा की। इसके बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं आईं। उन्होंने कहा कि कुछ कमेंट आपत्तिजनक थे, जिसको आधार बनाकर स्कूल प्रबंधन ने अपनी करतूत छिपाते हुए मेरे खिलाफ बिछिया थाने में लिखित तहरीर दी है।
बच्ची के सिर और चेहरे पर चोट
पीड़िता छात्रा ने पुलिस को बयान दिया कि मुझे बहुत बेरहमी से मारा। मार मारकर मेरा गाल लाल कर दिया। मेरे सिर पर गंभीर चोट आई है। अंदरूनी चोट लगी है, जिसकी वजह से दर्द लगातार बना रहता है। मेडिकल रिपोर्ट में भी सिर पर अंधरूनी चोट की पुष्टि हुई है।
मंगलवार सुबह पेरेंट्स ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में स्कूल प्रबंधन ने कहा कि लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। हम सभी बच्चों और उनके पैरेंट्स से अच्छा व्यवहार करते हैं।
