सागर में रहली थाना क्षेत्र के बिलवारीपुरा में मंगलवार को नवजात का शव मिला है। आसपास के लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा बनाया है। मामला दर्ज कर रहली पुलिस ने जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार, बिलवारीपुरा में खाली पड़ी जगह पर झाड़ियों और पेड़ के नीचे नवजात का शव पड़ा था। लोगों ने देखा तो हड़कंप मच गया। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मृतक नवजात एक दिन का होना बताया जा रहा है। नवजात का शव घटनास्थल पर कैसे और किन परिस्थितियों में आया, किसी को पता नहीं है। पुलिस मामले में आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। लेकिन नवजात के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। वहीं मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है।