जबलपुर में रेत के कारोबार में हुए विवाद ने बदले की आग का रूप ले लिया। 4 दिन पहले अपहरण और मारपीट के शिकार हुए एक रेत व्यापारी ने बुधवार देर रात अपहरण करने वाले आरोपियों के घर पहुंचकर बदला लिया। व्यापारी ने आरोपियों के घर के बाहर खड़े दो हाईवा ट्रकों में आग लगा दी और साथियों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
धनवंतरि नगर के पीएनटी कॉलोनी निवासी रेत व्यापारी विपेंद्र सिंह राजपूत ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले विपेंद्र ने शहपुरा के झांसीघाटा निवासी लखन मल्लाह से रेत खरीदी थी, जिसके 26 हजार रुपए बकाया थे। बार-बार मांगने के बावजूद रुपए न मिलने पर 7 नवंबर को लखन मल्लाह अपने साथियों हनुमंत, आकाश और अरविंद मल्लाह के साथ विपेंद्र को बातचीत के बहाने बुलाया।
कई घंटे कार में घुमाते हुए मारपीट की
चारों ने विपेंद्र को कार में जबरन बैठाकर उसका अपहरण कर लिया और कई घंटों तक शहर में घुमाते हुए चलती कार में मारपीट की। बाद में उसे सड़क किनारे फेंककर भाग गए। विपेंद्र ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिस पर संजीवनी नगर पुलिस ने 9 नवंबर को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बदले की साजिश रची, दो हाईवा फूंके
आरोपियों के जेल जाने के बाद भी व्यापारी विपेंद्र का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपने साथियों धमेंद्र राजपूत, नारायण उर्फ नारू मल्लाह और बसंत मल्लाह के साथ बैठकर बदला लेने की योजना बनाई। बुधवार देर रात वे झांसीघाटा पहुंचे, जहां आरोपियों के घर के बाहर हनुमंत के भाई रोहित मल्लाह के दो हाईवा ट्रक (क्रमांक MP16-H-1736 और MP20-HB-6412) खड़े थे। विपेंद्र और उसके साथियों ने दोनों ट्रकों में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग इतनी तेज थी कि ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गए। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकले। ग्रामीणों ने उन्हें पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने रेत व्यापारी विपेंद्र सिंह राजपूत और उसके तीन साथियों के खिलाफ आगजनी, संपत्ति नुकसान और शांति भंग की धाराओं में केस दर्ज किया है। फिलहाल चारों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दी है।