भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिले में सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम जारी है। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत चोरगड़ी में आकस्मिक निरीक्षण कर मतदाता सत्यापन की स्थिति देखी।
कलेक्टर ने बीएलओ से गणना पत्रकों के वितरण, प्राप्ति और पोर्टल पर अपलोड की अद्यतन स्थिति पूछी। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाताओं द्वारा भरे गणना पत्रक समय पर प्राप्त कर पोर्टल में अपलोड करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके।
40 साल से ऊपर के मतदाताओं के सत्यापन में आसानी
कलेक्टर ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के सत्यापन में कोई कठिनाई नहीं होती। यदि मतदाता उपलब्ध न हों तो उनके परिवार के किसी सदस्य से हस्ताक्षर लेकर गणना पत्रक जमा कराया जाए। बीएलओ आवश्यकता अनुसार रोजगार सहायक या अन्य कर्मचारी की मदद ले सकते हैं।
बाहर रहने वाले मतदाताओं के लिए ऑनलाइन सत्यापन की सलाह
उन्होंने निर्देश दिए कि जो मतदाता गांव या शहर से बाहर हैं, उनके बारे में परिजनों से जानकारी लेकर उन्हें ऑनलाइन सत्यापन के लिए प्रेरित करें। पुनरीक्षण के दौरान मृत और स्थायी रूप से पलायन कर चुके मतदाताओं के नाम सूची से पृथक किए जाएं।
मतदाताओं से अपील- गणना पत्रक तुरंत जमा करें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित मतदाताओं से कहा कि गणना पत्रक भरकर तुरंत बीएलओ को दें। यदि किसी को दिक्कत हो तो बीएलओ सहयोग करें।